हिम्मतनगर में हाथमती नदी से युवक का शव बरामद
साबरकांठा जिले के हिम्मतनगर शहर में स्थित हाथमती नदी से एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। यह घटना हिम्मतनगर के गिरधरनगर के पीछे के क्षेत्र में सामने आई है।
घटना की सूचना मिलते ही हिम्मतनगर फायर विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को नदी से बाहर निकाला गया। इसके बाद हिम्मतनगर ए-डिवीजन पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और आगे की जांच शुरू की।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, सोमवार को हिम्मतनगर गिरधरनगर आवास योजना के पास हाथमती नदी में एक युवक के गिरने की सूचना स्थानीय लोगों ने क्षेत्र के निवासी कुमार भाट को दी थी। कुमार भाट ने तुरंत हिम्मतनगर फायर विभाग को सूचित किया, जिसके बाद राहत एवं बचाव कार्य किया गया।
भोलश्वर क्षेत्र के निवासी कुमार भाट द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, बरामद शव की पहचान हिम्मतनगर के भोलश्वर इलाके में प्राथमिक विद्यालय के पास रहने वाले अतुल चौधरी के रूप में प्राथमिक तौर पर हुई है। अतुल चौधरी मंडप का कार्य करते थे और सुबह घर से काम पर जाने के लिए निकले थे।
हिम्मतनगर ए-डिवीजन पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है और मामले की आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
रिपोर्ट: अतुल परमार

