Loading...

गुरुग्राम लैंड स्कैम, वाड्रा से तीसरे दिन भी पूछताछ:अब तक 8 घंटे सवाल-जवाब

गुरुग्राम लैंड स्कैम केस में कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी के पति रॉबर्ट वाड्रा से प्रवर्तन निदेशालय (ED) की तीसरे दिन भी पूछताछ जारी रहेगी। ED अब तक वाड्रा से 2 दिनों में 8 घंटे पूछताछ कर चुकी है।

इसे लेकर गुरुवार को वाड्रा ने कहा- यह राजनीतिक प्रतिशोध है। एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। यह गलत है। एजेंसियां ​​देश में CM पद के किसी उम्मीदवार के पीछे पड़ जाती हैं या जब कोई पार्टी अच्छा काम कर रही होती है, तो उसे पकड़ लेती हैं। एजेंसियों पर भरोसा कैसे होगा? ED ने भाजपा के किस मंत्री या सदस्य को समन भेजा है? क्या भाजपा में सभी अच्छे हैं? क्या उनके खिलाफ कोई आरोप नहीं हैं?

वाड्रा बोले कि भाजपा नेताओं पर भी कई आरोप हैं। उन्होंने कहा- मैं ऐसा व्यक्ति हूं जो अगर मुझ पर दबाव डालेंगे या परेशान करेंगे तो मैं और मजबूत होकर उभरूंगा। मेरे साथ लोगों की ताकत है, लोग मुझसे जुड़े हुए हैं। जब यह पार्टी लोगों के साथ अन्याय करती है तो मैं उनके लिए बोलता हूं। मैं अन्याय के खिलाफ हूं। मैं लड़ता रहूंगा, मुझे कोई नहीं रोक सकता।

वाड्रा बोले- हम लोगों की बात रखते हैं, इसलिए टारगेट पर हैं.. 

इससे पहले मंगलवार को भी ED ने वाड्रा से करीब 6 घंटे पूछताछ की थी। वाड्रा पूछताछ के लिए पैदल ही दफ्तर पहुंचे थे। पेशी से पहले वाड्रा ने कहा, "मैं कभी भी अपने आपको सॉफ्ट टारगेट नहीं बुलाऊंगा। आप (केंद्र सरकार) मुझे परेशान करोगे या कोई प्रेशर डालोगे तो मैं और उभरकर आऊंगा, स्ट्रॉन्ग बनूंगा। हम लोगों की बात रखते हैं, इसलिए टारगेट पर हैं। हम किसी से डरते नहीं हैं।

हम हमेशा लोगों के लिए लड़ते रहेंगे। संसद में चाहे राहुल गांधी को रोका जाए या मुझे बाहर रोका जाए, हम सच्चाई और लोगों के लिए लड़ते रहेंगे। हम टारगेट जरूर हैं, पर सॉफ्ट टारगेट नहीं हैं। हम हार्ड टारगेट हैं, और हार्डर (मजबूत) बनते रहेंगे। समय बदलता रहता है।

"इस मामले में ED ने 8 अप्रैल को भी वाड्रा को समन भेजा था, हालांकि तब वह पेश नहीं हुए थे। मंगलवार को ED दफ्तर जाते समय वाड्रा ने कहा था कि यह कार्रवाई राजनीतिक मकसद से की जा रही है।

इस मामले में वाड्रा के साथ हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा भी आरोपी हैं। उन पर आरोप है कि मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने वाड्रा की कंपनी को मुनाफा पहुंचाया।