पाकिस्तान में आतंकियों पर हमले से सियासतदां गदगद, अब मायावती ने दी प्रतिक्रिया
भारतीय सेना ने 'ऑपरेशन सिंदूर' लॉन्च कर पाकिस्तान के 9 आतंकी ठिकाने को तबाह कर दिया। इस हमले के साथ ही भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का बदला ले लिया। भारतीय सेना की इस बड़ी कार्रवाई पर देश गौरवान्वित है। सियासतदां एक सूर में इस कार्रवाई के लिए भारतीय सेना की सराहना करते हुए हौसला-अफजाई कर रहे हैं। इस बीच, बसपा सुप्रीमो मायावती का भी बयान आया है। उन्होंने कहा, "पाकिस्तान में 9 आतंकी ठिकानों को ध्वस्त करने की भारतीय सेना की ’आपरेशन सिंदूर’ कार्रवाई गौरवमय व सराहनीय।"
असदुद्दीन ओवैसी ने हमलों का किया स्वागत
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने पाकिस्तान में आतंकवादी ठिकानों पर रक्षा बलों द्वारा किए गए लक्षित हमलों का स्वागत किया और कहा कि पड़ोसी देश में आतंकी ढांचे को पूरी तरह से तबाह कर दिया जाना चाहिए। ओवैसी ने कहा, ‘‘पाकिस्तान के ‘डीप स्टेट’ को ऐसा कड़ा सबक सिखाया जाना चाहिए कि फिर कभी पहलगाम जैसी घटना न होने पाए। पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को पूरी तरह से नष्ट कर दिया जाना चाहिए। जय हिंद!’’


